सदर पर दोबारा भाजपा के पल्टूराम ने किया कब्ज़ा
बलरामपुर।
भाजपा उम्मीदवार पल्टूराम ने सदर विधानसभा सीट पर दोबारा कब्जा जमाया है। सदर सीट पर भी फगवा फहराया है। भाजपा के उम्मीदवार ने सपा के जगराम पासवान को 11,192 वोटों से हराकर दबदबा दोबारा कायम रखा है।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सदर विधानसभा सीट पर गुरुवार को मंडी परिषद भगवतीगंज के परिसर में काउंटिंग हुई। सदर सीट पर 12 उम्मीदवार मैदान में रहे। सदर के 2,05,484 वोटरों ने अपने मताधिकार का तीन मार्च को प्रयोग किया था। ईवीएम में बंद वोटों की 35 चक्रों में काउंटिंग प्रक्रिया पूरी कराई गई। सभी चक्र की मतगणना पूरी हो गई। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सदर सीट के आरओ ने परिणाम घोषित कर दिया है।
सदर सीट पर भाजपा के उम्मीदवार पल्टूराम को 1,00,684 वोट मिले हैं। सपा के जगराम पासवान ने 89,492 वोट प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया है। जबकि बसपा के उम्मीदवार हरीराम बौद्घ ने 5321 वोट पाकर तीसरा व कांग्रेस की उम्मीदवार बबिता आर्या ने 2569 वोट पाकर चौथा स्थान हासिल किया। हालांकि भाजपा व सपा को छोड़कर बाकी उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई है। सदर विधानसभा के 2360 लोगों ने किसी भी उम्मीदवार पर भरोसा नहीं जताया, बल्कि नोटा बटन दबाकर अपना विरोध जाहिर किया है।
