उन्नाव में डेंगू के बढ़ रहे मरीज, अब 33 भर्ती
उन्नाव।
बढ़ रही डेंगू मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के उपचार के लिए 6-6 बेडों के दो वार्ड बनाए गए हैं। वहीं, स्वास्थ्य केंद्रों में भी बेड सुरक्षित किए गए हैं। सरकारी अस्पतालों के साथ ही निजी अस्पतालों में डेंगू के मरीज भर्ती है।
जिसकी मानीटरिंग की जिम्मेदारी जिला मलेरिया अधिकारी को सौंपी गई है। वह सीएचसी में जाकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। मौसम में उतार चढ़ाव के साथ बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ जिला अस्पताल में रोजाना बुखार के 50 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं।
इसमें 10 से 15 मरीज गंभीर बुखार से पीड़ित होते हैं। मरीजों का नाम, पता और मोबाइल नंबर अलग रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। बुखार के साथ मलेरिया और डेंगू जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई बुखार मरीजों की जांच में आसीवन थाने में तैनात महिला सिपाही की मां सहित छह लोग डेंगू पॉजिटिव मिले थे।
अस्पताल में पहुंचने वाले बुखार से पीड़ित गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है और उनकी जांच का सैंपल किट से जांच के बाद एलाइजा जांच के लिए लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया है। स्वास्थ्य आंकड़ों की माने तो जिले में अब तक डेंगू के 33 मरीज मिल चुके हैं।
सीएमओ सत्य प्रकाश ने बताया कि इस समय बारिश का मौसम है बारिश हो रही है। संचारी रोगों का खासकर डेंगू का संचरण काल है जनपद में भी डेंगू के पॉजिटिव मरीज निकल रहे हैं। इस समय 33 पॉजिटिव केस हमारे पास है सभी स्वस्थ हैं।