टीवी पर पीएम को सुन किसानों ने जाना प्राकृतिक खेती का तरीका
बलरामपुर।
प्राकृतिक और जीरो बजट खेती को बढ़ावा देने के लिए गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसानों को संबोधित किया। जिले के नौ ब्लाकों की कृषि रक्षा केंद्रों पर टीवी के माध्यम से किसानों को पीएम का संवाद सुनाया गया। पीएम ने किसानों से प्राकृतिक खेती करने का आह्वान किया। प्राकृतिक खेती से छोटे किसानों को अधिक लाभ होगा। किसानों का काफी खर्च रासायनिक खाद पर होता है। फूड प्रोसेसिग और प्राकृतिक खेती अपना कर किसान अधिक लाभ कमा सकते हैं।
सदर ब्लाक के कृषि रक्षा इकाई पर जिला कृषि अधिकारी आरपी राणा ने कहा कि गोबार और जैविक खाद का प्रयोग करने से फसल की लागत कम हो जाती है। प्राकृतिक खेती करने से अधिक लाभ मिलता है। डा. नीरज और नीरज राणा ने किसानों से संवाद किया। तुलसीपुर ब्लाक परिसर में एसडीओ सूबेदार यादव ने कहा कि प्राकृतिक खेती करने से किसानों को फायदे भी मिलेंगे। इससे रासायनिक खाद से होने वाले नुकसान से भी बचा जा सकेगा। इस मौके पर सुखदेव, महावीर, राजेंद्र प्रसाद, सत्य प्रकाश और संतोष मिश्र समेत कईलोग मौजूद रहे।
श्रीदत्तगंज, उतरौला, रेहरा बाजार, गैंडास बुजुर्ग, गैंसड़ी, पचपेड़वा और हरैया सतघरवा विकास खंड जैसे कई स्थानों पर भी किसानों ने प्राकृतिक खेती से होने वाले लाभ और उसका तरीका भी जाना। गृह राज्यमंत्री को हटाने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह व महिला जिलाध्यक्ष आरिफा उत्साही के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि बीते दिनों लखीमपुर खीरी के तिकुनिया कस्बे में कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों पर गृह राज्यमंत्री अजय कुमार मिश्र टेनी के बेटे आशीष कुमार मिश्र ने गाड़ी चढ़ाकर नृशंस हत्या कर दी थी। दो दिन पहले एसआईटी ने अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की है उसमें साजिशन घटना करने की बात कही गई है। इस घटना के मुख्य आरोपी के पिता गृह राज्यमंत्री होने के कारण अपने पद का दुरुपयोग कर जांच को प्रभावित कर सकते हैं। इस लिए गृह राज्यमंत्री के पद से इनको तत्काल हटाया जाए जिससे मृतक किसानों के स्वजन को न्याय मिल सके।
राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष को सौंपा। प्रदेश सचिव चंद्र शेखर मिश्र, जिला महासचिव विनय कुमार मिश्र, डा. प्रतीक मिश्र, डा. हामिद खलीउल्लाह, श्रीपति शुक्ला, देवेंद्र पांडेय, घनश्याम मिश्र, अमिरका प्रसाद व बृजेश पांडेय मौजूद रहे।
