छात्राओं को ऑफिस में बुलाकर बदसलूकी करने वाले कॉलेज के प्रिंसिपल का निलंबन शून्य, अभाविप ने किया प्रदर्शन
शासकीय लरंगसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामानुजगंज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरबी सोनवानी के निलंबन को शून्य घोषित किया गया है। इसके विरोध में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा पुलिस बल को चकमा देते हुए मुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। साथ ही प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। दरअसल कॉलेज की छात्राओं ने प्राचार्य पर आरोप लगाया था कि उन्हें अपने ऑफिस में बुलाकर प्रभारी प्राचार्य द्वारा बदसलूकी की गई थी। छात्राओं का आरोप था कि प्राचार्य चाहते थे कि कॉलेज के कही एक सहायक प्राध्यापक के खिलाफ वे झूठी शिकायत दर्ज कराएं, इस पर छात्राओं ने मना कर दिया था।
गौरतलब है कि शासकीय लरंग साय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरबी सोनवानी पर छात्रा द्वारा बदसलूकी करने का आरोप लगाने के बाद महाविद्यालय में राजनीति थमती नजर नहीं आ रही है। यहां महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के विरोध में लगातार आंदोलन हुए।
वहीं उनके पक्ष में भी छात्र-छात्राओं द्वारा मोर्चा खोला गया। छात्रा के आरोप के बाद महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया था, वहीं उनके निलंबन को खत्म करने के लिए छात्र-छात्राओं द्वारा मोर्चा खोल दिया गया था। इसके बाद महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य का निलंबन शून्य घोषित हुआ था।
