तेंदुए की आमद ने उड़ाई ग्रामीणों की नींद
बलरामपुर।
स्थानीय थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव में गत तीन दिनों से तेंदुए की आमद ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। ग्रामीण दहशत में हैं। वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इमिलिया निवासी सीमा, सुंदरा, कुसुम, सुमन, ननकऊ व छोटेलाल ने बताया कि बीती मंगलवार की रात गांव में आए तेंदुए ने एक कुत्ते को अपना निवाला बना डाला। बुधवार की सुबह तेंदुआ गांव में देखा गया। ग्रामीण विनीत, गुड्डू, राकेश, सतगुरु व पिंटू आदि ने लाठी-डंडा लेकर तेंदुए को खदेड़ा तो गन्ने के खेत में घुस गया। लगातार तेंदुए की आमद से ग्रामीण दहशत में हैं। शाम होते ही ग्रामीण खुद को घरों में कैद कर लेते हैं।
वन क्षेत्राधिकारी बनकटवा रेंज धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए नानबाबू के गन्ने के खेत के पास पिंजरा लगाया गया है। वनकर्मी जहीर खान, वन दरोगा अशोक कुमार गुप्ता को तेंदुए की निगरानी के लिए लगाया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा छोटे बच्चों व ग्रामीणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
![ब्यूरो रिपोर्ट- टी.पी. पाण्डेय।](https://www.crimeweek.in/wp-content/uploads/2021/08/IMG-20210712-WA0152-1.jpg)