आकांक्षा, राजन, सुमित व प्रमोद को मिला सोना
बलरामपुर।
एमएलके पीजी कॉलेज के हॉकी मैदान पर चल रहे वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन आकांक्षा, राजन, सुमित व प्रमोद ने स्वर्ण पदक हासिल कर बाजी मार ली।
दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतिम दिन 400 मीटर दौड़ में राजन शुक्ला को स्वर्ण, हर्षित श्रीवास्तव को रजत एवं अभिषेक साहनी को कांस्य पदक मिला। 3000 मीटर दौड़ में प्रमोद कुमार ने स्वर्ण, वीरेंद्र यादव ने रजत व बृृजेश कुमार ने कांस्य पदक जीता। लंबी कूद बालिका वर्ग में आकांक्षा शुक्ला को स्वर्ण, पायल मिश्रा को रजत एवं अंशु को कांस्य पदक मिला। वहीं, गोला फेंक में सुमित कश्यप ने स्वर्ण, अभिमन्यु पांडेय ने रजत एवं राज किशोर चौधरी ने कांस्य पदक हासिल किया।
मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय प्रबंध समिति के सचिव लेफ्टिनेंट कर्नल आरके मोहंता, संयुक्त सचिव बीके सिंह एवं प्राचार्य प्रोफेसर जेेपी पांडेय ने विजई प्रतिभागियों को पदक देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। क्रीड़ाध्यक्ष डॉ. अजहरूद्दीन एवं खेल प्रशिक्षक डीपी सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एनसीसी के अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. देवेंद्र कुमार चौहान ने किया। इस मौके पर पूर्व प्राचार्य डॉ. आरके सिंह, मुख्य नियंता डॉ. पीके सिंह, डॉ. मोहिउद्दीन अंसारी, डॉ. तबस्सुम फरखी, डॉ. तारिक कबीर, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. दिनेश मौर्य, डॉ. भावना सिंह, डॉ. प्रखर त्रिपाठी व डॉ. एसके त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
