पुरस्कार पाकर बढ़े महिलाओं के हौसले
बलरामपुर।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तरफ से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बीते दिन महिलाओं को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की 11 महिलाएं सम्मानित की गईं। पुरस्कार पाकर महिलाओं के हौसले बढ़े।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ज्ञानेंद्र सिंह ने सम्मान समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि सबसे पहले महिलाओं को कानून की जानकारी अवश्य होनी चाहिए, तभी वे अपने अधिकार की लड़ाई लड़ सकेंगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। जिला महिला कल्याण अधिकारी रागिनी मिश्रा ने महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पूजा, पुष्पा, विट्टू, अनीता, राजकुमारी, अंजू देवी, पूनम जायसवाल, दुर्गावती, सुरभि मिश्रा, सलमा बानो वारसी व कलावती को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला कारागार के महिला बैरक में भी कार्यक्रम का आयोजन करके बंदियों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में कारागार, महिला कल्याण व वन स्टाप सेंटर के अधिकारियों व कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।
