प्राथमिक विद्यालय जुवारा में ग्रामीणों को बांटे गए पौधे
बलरामपुर।
विश्व पर्यावरण दिवस पर रविवार को जिले भर में पौधरोपण की धूम रही। धरा को हरा भरा बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पौधरोपण किया गया। जगह-जगह गोष्ठियों का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण के उपायों पर चर्चा की गई। लोगों ने पौधरोपण करके पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संकल्प भी लिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएम श्रुति, सीडीओ संजीव कुमार मौर्य एवं एडीएम राम अभिलाष सहित सभी कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में नीम एवं अशोक आदि का पौधा लगाया। डीएम ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे रोपित करने की अपील की। तहसील परिसर एवं सभी ब्लॉक कार्यालय परिसरों में भी पौधरोपण किया गया। जिला कारागार में जेल कर्मी व बंदियों ने 25 छायादार व 25 फलदार पौधे रोपित किए। पुलिस अधीक्षक आवास, पुलिस लाइंस व जिले के सभी थाना व चौकी परिसर में भी पौधरोपण किया गया। एसपी राजेश कुमार सक्सेना ने पौधरोपण करते हुए सभी पुलिस कर्मियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की बात कही। ग्लोबल टीचर अवार्ड से सम्मानित डॉ. सतेंद्र सिंह ने पौधरोपण का महत्व बताते हुए कहा कि पेड़ों की अंधाधुंध कटान से पर्यावरण को काफी नुकसान पहुंच रहा है।
पर्यावरण विशेषज्ञ सीमा चौरसिया ने राम जानकी मंदिर बलुहा में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन में वृक्षों की प्रमुख भूमिका होती है। डॉ. बीआर चौरसिया ने कहा कि वनस्पतियां धरती माता की आभूषण हैं। कृषक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रबंधक सरफराज अहमद एवं प्रधानाचार्य अक्षय श्रीवास्तव के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने पौध रोपण कर संरक्षित करने का संकल्प लिया। लक्ष्य सेवा समिति के तत्वावधान में विश्व पर्यावरण दिवस पर गोष्ठी आयोजित की गई। समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने पौधों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। सदस्यों ने रानी तालाब स्थित हनुमान मंदिर परिसर में अमलताश एवं नीम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। महराजगंज तराई स्थित जामिया अहले सुन्नत नुरूल उलूम अतीकिया मदरसे में पर्यावरण को हरा भरा रखने के लिए शिक्षक व विद्यार्थियों ने पौधरोपण किया। इस मौके पर दीपक सिंह, आफताब आलम व फैयाज अहमद मिस्बाही आदि मौजूद रहे।
