दो नेपाली किशोरियों से सामूहिक दुष्कर्म
बलरामपुर।
हरैया क्षेत्र के मणिपुर साप्ताहिक बाजार में रविवार को दैनिक उपयोग का सामान खरीदने नेपाल के जिला दांग से आ रही एक महिला व पांच नाबालिग लड़कियों को जंगल में चार युवकों ने बंधक बनाकर धमकाते हुए पेड़ों से बांध दिया। फिर सभी से छेड़खानी की और दो लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म करके भाग गये।
डरी-सहमी महिला व लड़कियों ने घर जाकर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद नेपाल के जिला दांग के खंगरा नाका थाने में शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए नेपाल की पुलिस पीड़ित लड़कियों को लेकर हरैया थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई।
हरैया थाने की पुलिस ने अन्य थानों की पुलिस व एसओजी की मदद से सोमवार भोर चारों आरोपियों को दबोच लिया। चारों को जेल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ एनएसए लगाया जाएगा। इनके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।
नेपाल के जिला दांग के खंगरा नाका थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने रविवार रात हरैया थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे वह अपने गांव की पांच नाबालिग लड़कियों के साथ साइकिलों से हरैया क्षेत्र के मणिपुर साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आ रही थी।
रास्ते में महादेव बांकी जंगल के पास पहले से घात लगाए बैठे चार युवकों ने सभी को बंधक बनाकर अलग-अलग पेड़ों से बांध दिया। चारों युवकों ने महिला व पांचों लड़कियों से छेड़खानी की। फिर दो लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
