धान की कुटाई के लिए अटैच की गई दस और राइस मिलें
बाराबंकी।
सरकारी केंद्रों पर खरीदे जा रहे धान की कुटाई के लिए जिले की दस और राइस मिलों को क्रय केंद्रों से अटैच किया गया है। साथ ही अटैच किए गए क्रय केंद्रों से खरीद की उठान में तेजी लाने का निर्देश भी मिल संचालकों को दिया गया है। साथ ही चेताया गया है कि जो राइस मिल मालिक धान की उठान में लापरवाही बरतेगा उसके खिलाफ सीधे दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 1 नवंबर से धान की खरीद शुरू हुई है और अब तक करीब 66 सौ एमटी धान की खरीद की जा चुकी है। पहले चरण में सरकारी केंद्रों पर खरीदे गए धान की उठान के लिए 42 राइस मिलों को अटैच किया गया था। इसके बाद भी क्रय केंद्रों से खरीदे गए धान की उठान में अपेक्षित तेजी नहीं आ पा रही। इसको देखते हुए शुक्रवार को दस और राइस मिलों को क्रय केंद्रों से अटैच करने का आदेश जारी किया गया।
भरोसा जताया गया है कि इन राइस मिलों के क्रय केंद्रों से जुड़ जाने के बाद धान खरीद में और तेजी आएगी। क्रय केंद्र प्रभारियों का आरोप है कि राइस मिल मालिक क्रय केंद्रों से ट्रकों के जरिए भेजे गए धान को समय से अनलोड नहीं कर रहे हैं । इसी वजह से खरीदा गया धान क्रय केंद्रों पर डंप होता जा रहा है। राइस मिल मालिक सरकारी धान की कुटाई करने में भी पूरी तरह से लापरवाही बरत रहे हैं, इसका भी सीधा असर धान की खरीद पर पड़ रहा है।