बाराबंकी

फोन पर बात करते रहे सिपाही, कोर्ट के बाहर से फरार हुआ आरोपी

बाराबंकी।

रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट लाया गया दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट का एक आरोपी पुलिस सिपाहियों को चकमा देकर वहां से भाग निकला। जिसके बाद अफरातफरी मच गई।आरोपी को पकड़ने की बजाय पुलिस व कोर्ट कर्मचारी अपने बचाव में जुटे रहे। हालांकि देर रात करीब 6 घंटे बाद आरोपी को पुलिस ने नगर कोतवाली क्षेत्र से पकड़ लिया।

इस मामले में एसओ जहांगीराबाद दर्शन यादव की तहरीर पर नगर कोतवाली में आरोपी रेहान व थाने के सिपाही मो.तासिम व शिवेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र की एक किशोरी का मसौली के सहादतगंज कस्बा निवासी रेहान राईन ने अपने चार साथियों की मदद से तीन माह पहले अपहरण कर लिया था।
आरोपी रेहान ने किशोरी को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटने के बाद थाने पहुंची किशोरी ने एक सप्ताह पहले जहांगीराबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जहांगीराबाद पुलिस ने रेहान को सहादतगंज से गिरफ्तार किया था। बृहस्पतिवार को जहांगीराबाद थाने के आरक्षी मो. तासिम व शिवेंद्र उसे कोर्ट लेकर गए थे।
बताते हैं कि सिपाही कोर्ट के बाहर आरोपी को बेंच पर बैठाने के बाद मोबाइल पर बात करने लगे। इसी बीच रेहान वहां से भाग निकला। कुछ देर बाद जब सिपाहियों की नजर पड़ी तो आरोपी वहां नहीं था। यह देख पुलिस कर्मी सकते में आ गए। सूचना एसओ दर्शन यादव को दी गई।
सूचना मिलते ही थाने के अन्य पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी रेहान को नगर कोतवाली क्षेत्र से पुलिस ने पकड़ लिया।
एएसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने फरार आरोपी को नगर कोतवाली क्षेत्र से पकड़ लिया है। वहीं सीओ की जांच में मामले में दोषी पाए गए दोनों सिपाहियों के निलंबन की संस्तुति की है।
जहांगीराबाद थाने के दो पुलिसकर्मी दुष्कर्म के आरोपी को न्यायालय में पेश करने लाए थे। आरोपी वहां से फरार हो गया था। हालांकि पुलिस टीम ने कुछ देर बाद ही उसे पकड़ लिया।
ब्यूरो रिपोर्ट- मो. कदीर।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button