होली की तैयारी में रंग-बिरंगी पिचकारियों से सजने लगा बाज़ार
बलरामपुर।
होली की तैयारी को लेकर बाजार रंग-बिरंगी पिचकारियों से सजने लगे हैं। बच्चों को लुभाने के लिए कार्टून आधारित नई डिजाइन की पिचकारियों के साथ बाबा का बुलडोजर पहली पसंद है। विधानसभा चुनाव में बुलडोजर बाबा की धूम का असर खिलौना बाजार पर भी दिख रहा है। पिचकारी के साथ बच्चे बुलडोजर खरीद रहे हैं।
गुलाल व रंगों की गोली चलाने के लिए खिलौना बंदूक की पिचकारी व मोटू-पतलू एवं छोटा भीम का मुखौटा बच्चों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। रंगों के त्योहार होली का रंग बाजार पर चढ़ने लगा है। मेवा और कचरी, पापड़ की दुकानें सज गई हैं। कपड़े की दुकानों व शोरूम पर लुभावने आफरों की भरमार है। दुकानदार रोहित गुप्त ने बताया कि रंगीन पगड़ी, पिचकारी, रंग, अबीर अभी से लोग ले रहे हैं। बच्चे बुलडोजर, छोटा भीम, मोटू-पतलू, मैजिक कलर, वाटर हैपी बैलून व बाबा टोपी की मांग कर रहे हैं। राम नरायन ने बताया कि हर्बल रंग व अबीर की मांग हर बार अधिक रहती है। फाग स्प्रे, बंदूक गुलाल व अबीर, केसरिया अबीर अधिक मंगाया है। केसरिया अबीर की बिक्री अधिक रहती है। मुखौटा व चश्मा वाली पिचकारी भी बाजार में है। दीपक ने बताया कि बाल वाली टोपी और बास पिचकारी भी उपलब्ध है। खरीद के हिसाब से छूट का आफर।
कपड़ा विक्रेता प्रशांत गुप्त ने बताया कि बाजार पर होली का रंग चढ़ने लगा है। होली में नया कपड़ा खरीदने की परंपरा है। पिछले साल कोरोना के कारण रौनक कम थी, लेकिन इस बार बाजार पूरी तरह होली के रंग में रंगने लगा है। कुछ कंपनियों ने खरीद के हिसाब से छूट का आफर दिया है। तालिब हुसैन ने बताया कि उनके यहां ब्रांडेड जूतों के साथ चप्पल आदि की मांग बढ़ी है।