कानपुर

भाजपा ने खोले पत्ते, बिल्हौर में नया चेहरा, तीन विधायकों की बढ़ी धड़कन

कानपुर।

भाजपा ने शुक्रवार को तीसरे चरण के चुनाव के लिए प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी कर दी। हालांकि, कानपुर नगर और देहात जिले की संभावित और अधिकृत सूची में पार्टी ने कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है। इतना जरूर है कि नगर जिले की घाटमपुर और देहात की भोगनीपुर व रसूलाबाद सीट पर प्रत्याशियों पर अभी फैसला नहीं लिया है।

ये तीनों ही सीटें भाजपा के कब्जे में हैं। ऐसे में पार्टी ने तीन विधायकों की धड़कने बढ़ा दी हैं। सूत्रों का कहना है कि तीनों सीटें गठबंधन दलों के खाते में जा सकती हैं। इसे लेकर दिल्ली में भाजपा और सहयोगी दलों अपना दल व निषाद पार्टी के बीच देररात तक बैठक भी चली। भाजपा ने जिन तीन सीटों से प्रत्याशियों पर अभी फैसला नहीं लिया है, उन सभी पर भाजपा के विधायक हैं। नामों की घोषणा न होने से विधायकों और उनके समर्थकों में हलचल तेज हो गई है। उनके बीच तरह-तरह की चर्चा होती रही।

दरअसल, भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल ने फतेहपुर, औरैया जिले में कुछ सीटों के अलावा घाटमपुर और भोगनीपुर सीट पर भी दावा किया है। ऐसी स्थिति में भाजपा के जिन विधायकों का भविष्य दांव पर लग गया है, उनमें घाटमपुर से उपेंद्र पासवान, भोगनीपुर से विनोद कटियार और रसूलाबाद से निर्मला संखवार शामिल हैं।

इस तरह की हैं अटकलें
वर्ष-2017 के विधानसभा चुनाव में अपना दल के खाते में कानपुर मंडल की सिर्फ एक फतेहपुर की जहानाबाद सीट थी। इस बार पिछड़ी जाति के वोट बैंक को विशेष फोकस करते हुए अपना दल को कई और सीटें देने का समझौता भाजपा के साथ हुआ है। इसके अलावा निषाद पार्टी की भी भागीदारी बढ़ाने की बात कही जा रही है। चर्चा यह भी है कि भाजपा रसूलाबाद सीट पर सपा सरकार में मंत्री रहे एक एक नेता को टिकट देना चाहती है। इसी वजह से वहां पर सीट रोकी गई है।

किसे कहां से मिला टिकट

कानपुर नगर
आर्यनगर से सुरेश अवस्थी, सीसामऊ से सलिल विश्नोई, कैंट से रघुनंदन भदौरिया, महाराजपुर से सतीश महाना, किदवईनगर से महेश त्रिवेदी, कल्याणपुर से नीलिमा कटियार, गोविंदनगर से सुरेंद्र मैथानी, बिठूर से अभिजीत सिंह सांगा और बिल्हौर से राहुल बच्चा सोनकर।

कानपुर देहात
रनियां से प्रतिभा शुक्ला और सिकंदरा से अजीत पाल।

ब्यूरो रिपोर्ट- हरीश गुप्ता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button