सरसों तेल का उत्पादन करने के साथ ही मार्केटिंग भी कर रहीं ये ग्रामीण महिलाएं, सीएम ने किया सम्मानित
विकासखण्ड वाड्रफनगर की स्व सहायता समूह की महिलाओं ने जिले को गौरवान्वित किया है। एक कार्यक्रम में ममता खाद्य तेल प्रसंस्करण सहकारी समिति की सदस्य गीता कुशवाहा को समूह के उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर समूह की महिलाओं का सम्मान तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिले में कृषि आधारित व्यवसायों के अपार संभावनाओं तथा महिलाओं को उद्यमिता से जोडऩे के लिए विकासखण्ड वाड्रफनगर के बसंतपुर में ममता खाद्य तेल प्रसंस्करण सहकारी समिति की स्थापना 2020 में की गई थी। बलरामपुर रामानुजगंज जिले के बड़े भौगोलिक क्षेत्र में सरसों वृहद स्तर पर उत्पादन किया जाता है, इसलिये क्षेत्र में सरसों से तैयार होने वाले उत्पादों के व्यवसाय की संभावनाएं देखी जा रहीं थीं। महिलाओं द्वारा स्थापित सरसों तेल प्रसंस्करण का यह उद्योग इसी संभावनाओं को पूरा कर रहा है।
बसंतपुर एवं आसपास के गांवों के स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा आपस में मिलकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार देने के प्रयास को सफलता मिली है। पुरस्कार प्राप्त करने पहुंची समूह की सदस्य गीता कुशवाहा का कहना है कि हम महिलाएं घर से बाहर निकली हैं तथा तेल उत्पादन के साथ ही उसकी मार्केटिंग तथा प्रचार-प्रसार कर रही हैं।
स्व सहायता समूह की महिलाएं बताती हैं कि उद्योग के लिए कच्चा माल के रूप मे सरसों बीज स्थानीय हाट बाजारों तथा कृषकों से खरीदा जाता है। तत्पश्चात् प्रसंस्करण केन्द्र में सरसों का तेल तैयार कर शेष सह उत्पाद के रूप में प्राप्त खली का विक्रय किया जाता है। खली का उपयोग पशुओं के लिए चारे के रूप में किया जाता है, जिसकी भी बड़ी मांग है।
समूह की महिलाओं ने बताया कि उद्योग के स्थापना के समय हमें तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया था, वर्तमान में जिसका हमें बहुत लाभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि निम्न स्तर की तकनीकी समस्या के लिए हम तकनीकी विशेषज्ञों के साथ वीडियो कॉल के माध्यम चर्चा कर उसका निराकरण करते हैं।