बलरामपुर

बिजली विभाग की लापरवाही

बलरामपुर।

बिजली विभाग की घरों के पास से सटाकर हाईटेंशन लाइन ले जाने की लापरवाही ने अपने ही कर्मचारी की जान ले ली। बलरामपुर चौराहे पर स्थित बुद्धा मैरिज हाल के छत पर विजिलेंस टीम के सिपाही अभिषेक सिंह की तार की जांच करते समय करंट लगने से मौत हो गई। वह छत के पास से गुजरे 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशनलाइन की चपेट में आ गया था। अभिषेक ग्राम मझियार कोतवाली मनकापुर गोंडा का रहने वाला था। -बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे जिला मुख्यालय से आई विजलेंस टीम बुद्धा मैरिज हाल में उपकरणों की जांच करने पहुंची थी। टीम में अवर अभियंता नवीन तिवारी, कांस्टेबल कुंवर पाल सिंह, तेजपाल सिंह, अभिषेक सिंह व एक उपनिरीक्षक समेत छह लोग शामिल थे। टीम के सदस्य मैरिज हाल के अंदर लगे बिजली उपकरणों की जांच कर रहे थे। इसी बीच ड्राइवर के साथ कांस्टेबल अभिषेक सिंह मैरिज हाल की छत पर चला गया। यहां कोने पर कुछ केबल लिपटे हुए दिखे। वह केबलों को देखने के लिए जैसे आगे बढ़ा, बगल से गुजर रहे 33 हजार लाइन की चपेट में आ गया। उसका शरीर आधा जल जाने से मौके पर ही मौत हो गई। जब ड्राइवर ने सिपाही अभिषेक सिंह को करंट से झुलसते हुए देखा तो दौड़कर नीचे गया। उसने अवर अभियंता व टीम के अन्य सदस्यों को मामले की जानकारी दी। टीम के सभी सदस्य सन्न रह गए। सभी भागते हुए छत पर पहुंचे। आनन-फानन में बिजली विभाग व थाना पर घटना की सूचना दी गई। बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। थाना तुलसीपुर की पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। मृतक के परिवारजन को घटना की सूचना दे दी गई है। अमेठी में नियुक्त था सिपाही : सिपाही अभिषेक सिंह की मूल नियुक्ति अमेठी में थी। तीन साल की प्रतिनियुक्ति पर उसे विजिलेंस में तैनात किया गया था। विभागीय लापरवाही ने ली जान : अभिषेक की जान बिजली विभाग की लापरवाही से चली गई। स्थानीय निवासी तिलकराम जायसवाल ने बताया कि यह लाइन पहले भूमिगत गई थी। सर्विस लेन बनने के दौरान लाइन शिफ्टिंग कर घरों से सटाकर तार निकाले गए। लाइन शिफ्ट होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने इस पर ध्यान नहीं दिया। अधीक्षण अभियंता एसके चौधरी का कहना है कि पहले स्वयं मौके पर जाकर लाइन की जांच करूंगा।

ब्यूरो रिपोर्ट- टी.पी. पाण्डेय।
ब्यूरो रिपोर्ट- टी.पी. पाण्डेय।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button