प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया
बलरामपुर।
एमएलके महाविद्यालय में प्राणी विज्ञान विभाग द्वारा प्राचार्य प्रोफेसर जेपी पांडे के निर्देशन में विश्व गौरैया दिवस के अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मुख्य वक्ता पर्यावरणविद डॉ. नागेंद्र सिंह ने हिस्सा लिया।
गोष्ठी में डॉ. नागेंद्र सिंह ने सभी छात्र-छात्राओं को गौरैया के महत्व और उसके बचाव के विभिन्न उपायों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण खराब होने के कारण तमाम जीव जंतु धीरे धीरे विलुप्त होते जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण को शुद्ध बनाए रखने की हम सबकी जिम्मेदारी है। यदि हमें विलुप्त हो रहे जीव-जंतु को बचाना है तो वातावरण को बेहतर बनाए रखना होगा।
गोष्ठी के अध्यक्ष एवं प्राणी विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार ने गौरैया के समस्त वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए गौरैया बचाने के लिए छात्र-छात्राओं से आह्वान किया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के परीक्षा प्रभारी डॉक्टर सतगुरु प्रकाश अब तक किए गए सभी प्रयासों की सराहना करते हुए आगे और अधिक प्रयास करने की जरूरत पर बल दिया। गोष्ठी को डॉक्टर आकांक्षा त्रिपाठी और डॉक्टर कमलेश कुमार ने भी संबोधित किया। गोष्ठी का सफल संचालन डॉ. आनंद बाजपाई ने किया। इस अवसर पर डॉ. कमलेश कुमार, कुमारी मानसी पटेल, डॉक्टर आरबी त्रिपाठी, प्रियांशी गुप्ता, सुनील कैराती कुमकुम यादव, हदीया सिद्दीकी सहित तमाम छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार रखे।
