उत्तर प्रदेशलखनऊ

घर में फंदे से लटकता मिला महिला का शव, चुपचाप पेट्राेल डालकर फूंकी चिता…मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

मलिहाबाद/लखनऊ: मलिहाबाद कोतवाली अंतर्गत हाफिजखेड़ा गांव में रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर में कामिनी मौर्या (28) का शव फंदे से लटकता मिला। जिसके बाद मृतका के ससुराल वालों ने पुलिस को बिना सूचना दिए बाग में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि, कुछ घंटे बाद मायके वालों को भनक लगी तब वह बेटी के सुसराल पहुंचे। जहां उन्होंने बेटी को चिता को सुलगता देख फौरन पुलिस को जानकारी दी। मायके वालों का आरोप है कि कामिनी की हत्या करने के बाद ससुराल वालों ने चिता पर पेट्रोल डाल शव का अंतिम संस्कार कर दिया। उन्होंने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए बेटी के ससुराल पक्ष वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह भाटी के मुताबिक,  क्षेत्र के मीठेनगर गांव निवासी अभिषेक मौर्या ने बहन कामिनी मौर्या के ससुराल पक्ष वालों के खिलाफ तहरीर दी है। लिखित शिकायत में पीड़ित ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व बहन की शादी हाफिजखेड़ा गांव निवासी अशोक मौर्या से हुई थी। उनकी एक चार साल की बेटी है। जिसका नाम यशवी है। उन्होंने बताया कि अशोक मौर्या ठेकेदारी पर मजदूरी करता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले बहन को शारीरिक और मानसिक रुप से प्रताड़ित करते थे। कई बार बहन ने मायके वालों को आपबीती सुनाई।

उनका आरोप है कि रविवार शाम को ससुराल वालों ने बहन की हत्या कर उसके शव आम के पेड़ पर फंदे से लटकता दिया। फिर पुलिस और मायके वालों को बगैर सूचना दिए चुपचाप बाग में बहन का अंतिम संस्कार करा दिया। इस बीच ग्रामीणों के माध्यम से उन्हें बहन की मौत के बारे में जानकारी हुई जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें बाग में ही बहन की सुलगती हुई चिता मिली। इसके बाद पीड़ित ने फौरन पुलिस कंट्रोल रुम पर जानकारी देते हुए मलिहाबाद कोतवाली में तहरीर दी। इंस्पेक्टर का कहना है कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोग घर से भाग गए हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button