पीलीभीत

डूब रही है सपा की नैया, अब कोई सहारा नहीं बचा : राजनाथ सिंह

पीलीभीत।

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को दिन में तीन बजे पीलीभीत के अग्रवाल सभा भवन में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने जिले की चार विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों के समर्थन में सभा को संबोधित किया। सपा से सवाल किया कि जब भी आपकी हुकूमत आती है तब गुंडागर्दी क्यों बढ़ जाती है। जाति और संप्रदाय के नाम पर राजनीति क्यों होती हैं। क्या इंसाफ और इंसानियत के नाम पर राजनीति नहीं हो सकती। बोले- यूपी में सपा की नैया डूबने वाली है। कोई सहारा नहीं बचा है। लाल टोपी भी नहीं बचा पाएगी। सपा गई..गई..गई।

विपक्ष के साथ सपा पर निशाना साधते हुए बोले कि वर्ष 2017 में जब योगी सरकार बनी तब यूपी की अर्थ व्यवस्था 11 लाख करोड़ की थी। जो अब बढ़कर 21 लाख करोड़ पहुंच गई है। जब-जब यूपी में भाजपा की सरकार आती है विकास योगासन करने लगता है। सभा में मौजूद एक युवक की ओर रूबरू होते हुए उन्होंने सवाल पूछा योग कितने होते हैं? वह बोल पाता, उससे पहले ही राजनाथ सिंह बोले-योग के 84 आसन होते हैं। 83 आसन बीजेपी करती है। शीर्षासन सपा और विपक्ष के लिए छोड़ दिया है।

कांग्रेस पर वार करते हुए बोले कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तब वे भ्रष्टाचार के आगे कितना लाचार हो गए थे। वे कहते थे कि 100 पैसा भेजते हैं तो जनता की जेब में 15 पैसे ही पहुंचते हैं। भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कांग्रेस ने कोई पहल नहीं की। कांग्रेस सरकार के मंत्री तक भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल गए लेकिन मजाल है भाजपा का कोई मंत्री भ्रष्टाचार में शामिल हो। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए काम करके दिखाया है। भाजपा की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसान के खाते में 6000-6000 रुपये भेजे तो पूरी रकम पहुंची। उन्होंने किसानों से हामी भी भरवाई।

सिखों को महाराजा रणजीत सिंह की याद दिलाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लेकर विकास की उपलब्धियां गिनाईं। खुद को पीलीभीत और लखीमपुर की जनता से जोड़ते हुए संवाद के अंदाज में किसानों और सिखों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि लखीमपुर और पीलीभीत ने कृषि क्षेत्र बहुत अच्छा काम किया है। सिखों को महाराजा रणजीत सिंह की याद दिलाई। भारतीय संस्कृति और सिख गुरुओं के बलिदान का जिक्र करते हुए वह बोले कि देश की एकता के लिए सिख भाइयों के योगदान को मैं नहीं भूल सकता। बहुत सारी ताकते हैं जो आपको हमसे इन्हें तोड़ना चाहती हैं पर उनकी बातों में न आएं। उम्मीदवारों की जीत के लिए मतदाताओं से हाथ उठवाया। फिर बोले- चारों प्रत्याशी जीत जाते हैं तो वह खुद यहां आएंगे और सिर झुकाकर जनता का अभिनंदन करेंगे। इसके बाद पीलीभीत के मुख्य बाजार में जनता से सीधे संपर्क कर मतदान की अपील की।

करीब 40 मिनट बोले राजनाथ सिंह, जय श्रीराम के नारे भी गूंजे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को हेलिकॉप्टर से लखीमपुर के बाद दोपहर 1:50 बजे आना था। लेकिन खराब मौसम की वजह से उनका हेलिकॉप्टर नहीं उतर सका। वह अपने हेलिकॉप्टर से बरेली में उतरे और सड़क मार्ग से दोपहर करीब 2:50 बजे पीलीभीत पहुंचे। अग्रवाल सभा भवन में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद में वह तीन बजे पहुंचे लेकिन यह कार्यक्रम एक जनसभा का रूप ले चुका था। कुर्सिंयां भर गईं थीं और तमाम लोग खड़े हुए थे। राजनाथ सिंह भी जनसभा को संबोधित करने के अंदाज में लोगों से रूबरू हुए और करीब चालीस मिनट बोले। जय श्रीराम और मोदी-योगी जिंदाबाद के नारों के बीच उन्होंने योगी की सरकार को करिश्माई बताया।

ब्यूरो रिपोर्ट- श्री कृष्ण मौर्य।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button