उठान न होने से बंदी की कगार पर धान खरीद
बाराबंकी।
तहसील क्षेत्र में सात धान क्रय केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसमें ज्यादातर क्रय केंद्रों पर खरीदा गया धान उठान न होने से खुले आसमान के नीचे डंप है। वहीं केंद्र प्रभारी मंगलवार से खरीद बंद करने की बात कह रहे हैं।
पीसीएफ द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र उस्मानपुर में लगभग 2250 क्विंटल खरीदा गया धान खुले आसमान के नीचे लगा हुआ है। केंद्र प्रभारी प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि खरीद खरीदे गए धान का ऑनलाइन चालान न कट पाने से उसका उठान नहीं हो रहा है और जो भी धान खरीदा गया था वह सब खुले आसमान के नीचे लगा हुआ है।
इसके चलते मंगलवार से धान खरीद बंद कर दी जाएगी। इसके अलावा धान क्रय केंद्र चांदूपुर के प्रभारी अशोक सचान का भी यही कहना है कि जो धान खरीदा गया था वह खुले आसमान के नीचे लगा हुआ है। धान का उठान न होने से खरीद करना संभव नहीं है।
सेमरावा कोठी न्योछना धान क्रय केंद्र का भी यही हाल है विपणन शाखा द्वारा संचालित धान क्रय केंद्र सिद्धौर पर भी खरीदे गए धान का उठान नहीं हो सका है। लगभग 48 सौ क्विंटल धान का उठान नहीं हो सका है। सिद्धौर क्रय केंद्र प्रभारी प्रमोद द्विवेदी का कहना है कि ऑनलाइन चालान की समस्या के चलते खरीदे गए धान को राइस मिल मालिक नहीं उठा रहे हैं। पूरे ब्लॉक में संचालित धान क्रय केंद्रों पर 10,000 क्विंटल से अधिक धान डंप हो चुका है।
