तकनीकी युग में अंग्रेजी बोलना सरल
बलरामपुर।
एमएलके महाविद्यालय के अंग्रेजी विभाग में बीते दिन लैंग्वेज लैब कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को कंप्यूटर व तकनीक की मदद से अंग्रेजी बोलने और प्रस्तुतीकरण से जुड़ी जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य डॉ. जेपी पांडेय ने कहा कि वैश्वीकरण के इस युग में अंग्रेजी का महत्व बढ़ता जा रहा है। आज अधिकांश नौकरियों में इसे प्रमुखता दी जाती है। प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र भी अंग्रेजी में ही आते हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी बोलने व इसके प्रस्तुतीकरण पर विशेष ध्यान रखना चााहिए। कहा कि कंप्यूटर व तकनीक के युग में अंग्रेजी सीखना सरल हो गया है। लैंग्वेज लैब सॉफ्टवेयर पर मिलने वाली जानकारी जीवनभर विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. आरके शुक्ल ने कहा कि महान कवि व नाटककार विलियम शेक्सपियर ने अपनी रचनाओं के माध्यम से अंग्रेजी भाषा का विकास किया था। यूरोप में राष्ट्रवाद को बढ़ाने में भी अंग्रेजी ने प्रभावी भूमिका निभाई थी। लैंग्वेज लैब के जरिए छात्र-छात्राओं को अंग्रेजी शब्दों का सही उच्चारण आदि सीखने को मिलेगा।
गोष्ठी में शिक्षक डॉ. बीएल गुप्ता, डॉ श्रद्धा सिंह, अभय नाथ ठाकुर व शिवम सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। इसके बाद कंप्यूटर लैब में विद्यार्थियों को लैंग्वेज लैब सॉफ्टवेयर संचालित कर अंग्रेजी बोलने का अभ्यास भी कराया गया। छात्र-छात्राओं ने इंटरनेट के जरिए अंग्रेजी से जुड़ी जानकारियां हासिल की। बीसीए के शिक्षक डॉ. अविनाश सिंह ने विद्यार्थियों का सहयोग किया। इस अवसर पर अथर्व पाठक, अंबरीश द्विवेदी, शीवांशु, रचित, दीपशिखा, अंशिका, अनुष्का व सैय्यदा आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।
