*वामा सारथी’ के अंतर्गत रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में पुलिस परिवार के स्वास्थ्य एवं कल्याण हेतु वामा वेलनेस कैम्प आयोजित कर पुलिस परिवार को मिली स्वास्थ्य सेवाएं*
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री विकास कुमार के निर्देशन में* *उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन* द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस एवं आयुष विभाग की सहभागिता से रिजर्व पुलिस लाइन, बलरामपुर में *’वामा वेलनेस कैम्प’* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता किया गया।
कार्यक्रम में *मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बलरामपुर, क्षेत्राधिकारी उतरौला/ लाइन श्री जितेन्द्र कुमार* सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारीगण द्वारा शिविर के कार्यक्रम संचालन कर चिकित्सक एवं मेडिकल स्टाफ का उत्साहवर्धन किया तथा पुलिस परिवार के सदस्यों से संवाद स्थापित करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वामा वेलनेस कैम्प में होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा पद्धति के अनुभवी चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित मेडिकल स्टाफ द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके परिजनों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह, मौसमी बीमारियों सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही प्रत्येक लाभार्थी को उनके स्वास्थ्य के अनुरूप उपचार संबंधी सुझाव दिए गए।
चिकित्सक टीम द्वारा उपस्थित पुलिस परिवार के सदस्यों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित योग एवं व्यायाम, तनाव प्रबंधन, पर्याप्त नींद तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न रोगों की रोकथाम एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के प्रति भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत आवश्यकता के अनुसार मरीजों को निःशुल्क औषधियों का वितरण किया गया तथा उन्हें नियमित उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने सहभागिता कर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया तथा इस जनकल्याणकारी पहल का लाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन एवं आयुष विभाग द्वारा पुलिस परिवार के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रितों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं कल्याण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर किए जाते रहेंगे, जिससे पुलिस परिवार को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकें ।




