दस-दस सुपर बीएलओ होंगे सम्मानित
बाराबंकी।
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बीएलओ यानी बूथ लेवल आफीसर को सम्मानित किया जाएगा। यह पहल जिलाधिकारी डा. आदर्श सिंह ने की है। उन्होंने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के सबसे ज्यादा नए मतदाता जोड़ने वाले दस-दस बीएलओ को चिन्हित करने के निर्देश संबंधित तहसील के उप जिलाधिकारी को दिए हैं।
मतदाता बनना और मताधिकार का प्रयोग जरूरी : जिलाधिकारी ने बताया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हर व्यक्ति का मतदाता बनना और अपने मताधिकार का प्रयोग करना जरूरी है। इस कड़ी में बीएलओ की भी भूमिका महत्वपूर्ण है। वह लोगों के नाम जोड़ने के साथ ही सूची को पारदर्शी बनाने का कार्य करते हैं। फीडिग के बाद तय होंगे ‘सुपर बीएलओ’ : इस समय मतदाता सूची का डाटा कंप्यूटर पर फीड करने का कार्य चल रहा है, जोकि तीस दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद पांच जनवरी को सूची का प्रकाशन होगा। डाटा फीडिग का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद ही सुपर बीएलओ तय होंगे।
बीएलओ की जिम्मेदारियां
एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष पूरा करने वालों के नाम सूची में जोड़वाने के लिए फार्म छह भरवाना।
प्रवासियों के नाम बढ़ाने के लिए फार्म छह-क भरवाना।
नामों को अपमार्जित के लिए फार्म-सात, संशोधन के लिए फर्म-आठ, नामों को परिवर्तन करने के लिए फार्म आठ-क भरवाना।
पुनरीक्षण कार्य के दौरान डोर-टू डोर सर्वे करना। मतदाता सूची को पारदर्शी बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के दस-दस बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा। इनकी सूची बनवाने के लिए संबंधित क्षेत्र के उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
फैक्ट फाइल
विधानसभा क्षेत्र:
06तहसील: 06
ब्लाक: 15
ग्राम पंचायत: 1161
मतदान केंद्र: 1417
मतदेय स्थल: 2829
बीएलओ: 1417
