महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने की पदयात्रा
बलरामपुर।
देश में बढ़ती महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने रविवार को नगर में पदयात्रा करके विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मोदी सरकार पर बड़े कारोबारियों के 15 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ करने का आरोप भी लगाया।
प्रांतीय सचिव राजेश यादव, जिला प्रभारी देवेंद्र नाथ व पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पांडेय के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रविवार को आंबेडकर चौराहे से पदयात्रा शुरू की। पदयात्रा करते हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रांतीय सचिव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बड़े कारोबारियों का 15 लाख करोड़ रुपये बैंक लोन तो माफ कर सकती है लेकिन गरीबों को देने के लिए सरकार के पास कुछ भी नहीं है। किसानों व मजदूरों का शोषण किया जा रहा है। महंगाई व भ्रष्टाचार से जनता परेशान है।
इस पर अंकुश लगाने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। आप कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में लगभग दो किलोमीटर तक पदयात्रा करते हुए मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।
