नगर पालिका सीमा विस्तार को मिली मंजूरी
बलरामपुर नगर पालिका के सीमा विस्तार को प्रदेश सरकार द्वारा अनुमति दे दी गई है। नगर से सटे 9 ग्राम सभाओं को बलरामपुर नगर पालिका में शामिल किया गया है। बीजेपी नेताओं ने शनिवार को डीएम से मुलाकात कर सीमा विस्तार सम्पन्न कराने के मांग की।
सदर विधायक पल्टूराम के नेतृत्व में समाजसेवी,भाजपा नेता डॉ.धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ एंव डीपी सिंह बैस ने पिछले दिनों नगर विकास एवं स्थानीय निकाय मंत्री ए के शर्मा से मिलकर नगर पालिका सीमा विस्तार करने की मांग की थी। जिस पर नगर विकास मंत्री द्वारा बलरामपुर नगर पालिका के सीमा विस्तार हेतु आश्वासन दिया गया था। जिसे उत्तर प्रदेश सरकार ने स्वीकार करते हुए 23 सितम्बर को पत्र जारी कर दिया है।
सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि बलरामपुर नगर पालिका के सीमा विस्तार की अनुमति मिल गई है। परिसीमन का कार्य शीघ्र शुरू हो जायेगा। बलरामपुर नगर पालिका का सीमा विस्तार होने से इन राजस्व ग्राम के लोगों को नगरीय सुविधा का लाभ मिलेगा। बलरामपुर नगर पालिका के सीमा विस्तार में राजस्व ग्राम कलवारी,विशुनीपुर,विशुनापुर,सिरसिया,महादेव मिश्र, धुसाह,सेखुईकला,कोयलिया,बलरामपुर देहात को शामिल किया गया है।
परिसीमन की अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार को सदर विधायक पल्टूराम ने जिलाधिकारी महेंद्र कुमार से मुलाकात की। नगर पालिका परिषद बलरामपुर के सीमा विस्तार पर चर्चा की। जिला मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैस के साथ सदर विधायक पल्टूराम ने जिलाधिकारी डॉ.महेन्द्र कुमार एंव अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष से व्यापक चर्चा करते हुए अन्नतिम अधिसूचना और समय से बलरामपुर नगर पालिका के सीमा विस्तार सम्पन्न किये जाने पर विस्तार से चर्चा की।
बीजेपी मीडिया प्रभारी ने कहा कि तमाम प्रयासों के पश्चात बलरामपुर नगर के विकास का क्षण आया है। सीमा विस्तार होते हैं। सीमा के अंदर वाले लोगों को नगरीय सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो जायेगा।
