उत्तर प्रदेश

*हनुमान घाट पर मंत्री गिरीश चंद यादव ने चलाया स्वच्छता अभियान*

*जौनपुर।*

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को हनुमान घाट पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद यादव ने सहभागिता करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया।
इस दौरान मंत्री ने कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जनपद के निर्माण के लिए स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ, स्वच्छ और सुव्यवस्थित समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने लोगों से स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा जनभागीदारी को लगातार बढ़ावा देने की अपील की। कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर जौनपुर के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता को अपने जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन., मुख्य राजस्व अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, अधिकारीगण, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button