भाजपाइयों द्वारा लिया गया समाज सेवा का संकल्प
बलरामपुर।
भारतीय जनता पार्टी केंद्रीय प्रशिक्षण विभाग से तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में भाजपाइयों ने विभिन्न विषयों की जानकारी लेकर समाज सेवा का संकल्प लिया। बुधवार को सम्मेलन का समापन प्रदेश स्तर के वक्ताओं व पदाधिकारियों ने अपने संबोधन से किया।
बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय अटल भवन में प्रशिक्षण वर्ग समापन समारोह को संबोधित करते हुए पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नरायन मिश्रा, जिला प्रभारी त्रयंबक तिवारी, पूर्व जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह, प्रदेश प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी व संजय चौधरी, हरदोई जिले के बिलग्राम विधायक आशीष सिंह आशू, बहराइच विधायक अनुपमा जायसवाल और आयुष्य वाजपेयी तथा लालजी निर्मल सहित अन्य लोगों ने जिले के जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 के बाद देश में हो रहे युगांतकारी परिवर्तन के संदर्भ में कार्यकर्ताओं का दायित्व काफी बढ़ गया है।
पार्टी की विचारधारा विकास, मीडिया की समझ, वैश्विक परिदृश्य और केंद्र सरकार की बढ़ती योजनाओं के साथ-साथ देश का बढ़ता सुरक्षा सामर्थ्य और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का विकास ही पार्टी की मूल भावना है। अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम चंद्र कनौजिया ने समारोह में उपयोगी जानकारी दी। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में भाजपा नेता वरूण सिंह मोनू, अवधेश तिवारी, शिव कुमार द्विवेदी, अंशुमान शुक्ला, संदीप उपाध्याय, आलोक रंजन, अक्षय शुक्ला, तुहिन और सौरभ को संगठन में बेहतर कार्य करने के लिए अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, पूर्व विधायक शैलेश सिंह शैलू, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, रवि कुमार मिश्रा, मीडिया प्रभारी डीपी सिंह आदि मौजूद रहे।
