कांग्रेस नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर बोला हमला
बलरामपुर।
सदस्यता अभियान की समीक्षा करने जिले में आये कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को झूठों का सरगना बताया। विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक पार्टी पदाधिकारियों से दस हजार नये सदस्य बनाने का आह्वान भी किया।
नगर के एक मैरिज लान में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सदस्यता अभियान के संयोजक व पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। अपनी विफलता को छुपाने के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री झूठ का सहारा ले रहे हैं। झूठ बोलकर जनता को भरमाने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों व संभावित प्रत्याशियों से विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत बनाने तथा सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने की बात कही। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों को बूथ लेवल एजेंट बनाने तथा दस हजार नये सदस्य बनाने का चुनावी मंत्र भी दिया।
जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह व प्रदेश सचिव चंद्रशेखर मिश्र ने भी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि संगठन को मजबूूत बनाकर ही विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल की जा सकती है। वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता परेशान है और कांग्रेस को विकल्प के रूप में देख रही है।
हम सभी यदि एकजुट होकर पूरी शक्ति के साथ चुनाव अभियान में जुट जाएं तो विधानसभा चुनाव में जीत निश्चित है। बैठक में विनय मिश्र, हारिश बिन खालिद, आरिफा उत्साही, दिपांकर सिंह, घनश्याम मिश्र, राज बहादुर यादव, प्रतीक मिश्र, अख्तर हुसैन व शिवलाल सहित तमाम कांग्रेसी मौजूद रहे।
