थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में विकासनगर पुलिस की बड़ी सफलता
25 हजार का इनामी बदमाश रोहित सिंह गिरफ्तार, खुफिया फील्डिंग लगाकर पुलिस ने दबोचा अपराधी
लखनऊ
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन अंतर्गत थाना विकासनगर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना विकासनगर एवं थाना गाजीपुर के कई गंभीर मुकदमों में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त रोहित सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहा अभियुक्त लगातार पुलिस से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था, लेकिन विकासनगर पुलिस की सटीक रणनीति, मजबूत मुखबिर तंत्र और लगातार की जा रही निगरानी के चलते आखिरकार आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गया।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार 13 मई 2026 को थाना विकासनगर पुलिस टीम ने थाना गाजीपुर पुलिस के सहयोग से मुखबिर और जमीनी सूचना के आधार पर जनपद सुल्तानपुर स्थित स्वर्गीय वीरेंद्र प्रताप सिंह स्मारक जनता पीजी कॉलेज कुंडा भैरोपुर के पास तिराहे से अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
उस दिन कॉलेज में एलएलबी परीक्षा का पहला दिन था, जिसमें लगभग 2000 से 3000 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों और आम लोगों की मौजूदगी के बीच लखनऊ पुलिस द्वारा बेहद सतर्कता और सूझबूझ के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करना पुलिस की कार्यकुशलता और बहादुरी को दर्शाता है।
“एक तरफ हजारों छात्रों की सुरक्षा और परीक्षा व्यवस्था संभालना, दूसरी तरफ खतरनाक अपराधी पर पैनी नजर रखकर उसे दबोच लेना — यही होती है असली पुलिसिंग और कर्तव्यनिष्ठा।”
सूत्रों के अनुसार उपनिरीक्षक नवनीत शर्मा थाना गाजीपुर मौके पर परीक्षा ड्यूटी में भी तैनात थे। वह छात्रों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के रास्ते की जानकारी दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर अपराधी की गतिविधियों पर भी लगातार निगरानी बनाए हुए थे। सही समय मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे ऑपरेशन में उपनिरीक्षक नवनीत शर्मा की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त रोहित सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर लोगों से ठगी, रंगदारी, फायरिंग और जानलेवा हमलों जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। थाना विकासनगर के मुकदमा संख्या 133/2025 में अभियुक्त पर शिकायतकर्ता से लगभग 17 लाख रुपये हड़पने का आरोप है, वहीं मुकदमा संख्या 66/2026 में जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का गंभीर आरोप भी दर्ज है। थाना गाजीपुर में भी अभियुक्त के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त रोहित सिंह पुत्र शिव नारायण सिंह निवासी सेक्टर-एच जानकीपुरम थाना गुडम्बा लखनऊ का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। अभियुक्त पर हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी, मारपीट, फायरिंग, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत करीब 17 गंभीर मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं।
थाना विकासनगर पुलिस द्वारा बीते कुछ समय से अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार अपराधियों पर लगाम कस रही है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराधियों के मन में पुलिस का खौफ कायम करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। विकासनगर थाना पुलिस की सक्रिय कार्यशैली और तेज कार्रवाई की क्षेत्र में व्यापक चर्चा है। इस सफल गिरफ्तारी अभियान में थाना विकासनगर और थाना गाजीपुर की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार करने वाली टीम में— थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ,उपनिरीक्षक मुहम्मद यासीन (चौकी प्रभारी पावर हाउस) उपनिरीक्षक भानु प्रताप सिंह (चौकी प्रभारी लेखराज पन्ना) ,उपनिरीक्षक राकेश कुमार वर्मा थाना गाजीपुर,उपनिरीक्षक नवनीत शर्मा थाना गाजीपुर,मुख्य आरक्षी ऋषि कुमार तिवारी
आरक्षी राघवेन्द्र प्रताप सिंह , शामिल रहे।
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। क्षेत्रीय जनता ने भी विकासनगर थाना पुलिस की इस प्रभावशाली कार्रवाई की सराहना की है।




