तिरंगे से सजाए जा रहे गांवों में हैंडपंप
बलरामपुर।
आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए गांवों को तिरंगे में सजाने-संवारने का काम कराया जा रहा है। जिले के 800 ग्राम पंचायतों में सरकारी व अर्द्ध सरकारी भवन तिरंगे के रंगों से संवारे जा रहे हैं। इंडिया मार्का-टू हैंडपंपों को तिरंगे के रंगों में रंगा जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस को यादगार बनाने पर फोकस किया जा रहा है। 15 अगस्त से पहले अधिक से अधिक भवनों व हैंडपंपों को तिरंगे के रंगों से भरने का प्रयास किया जा रहा है।
डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि जिले के 800 ग्राम पंचायतों में भवनों व हैंडपंपों को तिरंगे के रंगों से भरने का अभियान चलाया जा रहा है। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलवा सुल्तानजोत में प्राथमिक विद्यालय के साथ पंचायत भवन व गांव में लगे सभी इंडिया मार्का-टू हैंडपंपों को तिरंगे के रंगों से सजाया गया है। सदर ब्लॉक के गोंदीपुर ग्राम पंचायत के भवन व हैंडपंपों को तिरंगें के रंगों से सजा दिया गया है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले के सभी ग्राम पंचायतों में जन जागरुकता रैलियां निकाली जा रही है।
उतरौला ब्लॉक के मटियरिया कर्मा कर्मा गांव में जागरुकता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को आजादी के अमृत महोत्सव के महत्व के बारे में बताया गया। जिले के 800 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान व सचिवों को सरकारी भवनों, स्कूलों व हैंडपंपों को तिरंगे के रंगों में सजाने-संवारने की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। हर घर में तिरंगा झंडा फहराने की तैयारियां की जा रही हैं।
