बांगरमऊ नगर के पुरबिया टोला में शुक्रवार की शाम घर की छत पर 13 वर्षीय किशोर को बंदरों ने दौड़ा दिया। इस डर से वह भाग खड़ा हुआ। तभी वह लड़खड़ा कर सीढि़यों से गिरकर घायल हो गया। स्वजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरबिया टोला निवासी मो. सिराज सऊदी में सिलाई का काम करते हैं। उनका बड़ा पुत्र मुंबई शहर में मजदूरी करता है। घर में मौजूद मो. सिराज का पुत्र मो. कैफ शाम करीब पांच बजे छत पर बकरी के बच्चे को नीचे उतारने के लिए गया था। तभी अचानक बंदरों के झुंड ने उसे घेर लिया और कुछ बंदरों ने उसे दौड़ा लिया। इसपर वह जान बचाकर भागने लगा और जीने से नीचे उतरने लगा। इसी दौरान वह जीने पर लड़खड़ा गया और लुढ़कते हुए सिर के बल नीचे जमीन पर आ गिरा। स्वजन ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बांगरमऊ कोतवाली पुलिस को सूचना दिए बगैर स्वजन शव लेकर घर पहुंचे, जहां मां शबनम अपने बेटे का शव देखकर दहाड़े मारकर बेहोश होकर गिर गई। हादसे की सूचना मृतक के पिता और बड़े भाई को दे दी गई है। मृतक की एक भाई व दो बहन हैं।