वकील और भाजपा नेता की सड़क हादसे में मौत
बलरामपुर।
नगर कोतवाली क्षेत्र के भगवतीगंज तिराहे पर बुधवार शाम वरिष्ठ वकील व भाजपा नेता जगदंबा प्रसाद सोनकर की मार्ग दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना करने वाले वाहन को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।
उतरौला नगर के गांधीनगर निवासी वरिष्ठ वकील एवं भाजपा नेता जगदंबा प्रसाद सोनकर (70) बुधवार को न्यायालय से जिला मुख्यालय आए थे। शाम को लौटते समय भगवतीगंज तिराहे पर अचानक वह सड़क पर गिर गए और गुजर रहे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
तहसील के ग्राम मसीहाबाद ग्रंट के निवासी थे। वर्तमान समय में वह उतरौला नगर के गांधीनगर मोहल्ले में मकान बनाकर रहते थे। इनकी शिक्षा लखनऊ विश्वविद्यालय से पूरी हुई थी। पढ़ाई के बाद इनकी नियुक्ति आपूर्ति निरीक्षक पद पर हुई थी।
राजनीति में दिलचस्पी होने के कारण इन्होंने नौकरी छोड़ दी और जनसंघ की सदस्यता लेकर राजनीति के साथ-साथ वकालत भी करने लगे। पूर्व में जगदंबा गोंडा की मनकापुर सुरक्षित विधानसभा सीट से जनसंघ के टिकट पर विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके थे। भारतीय जनता पार्टी में उन्होंने जिला उपाध्यक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों का दायित्व बखूबी निभाया था।
उनकी मौत की खबर पर जनपद भ्रमण पर आए प्रदेश के उद्यान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह ने जिला अस्पताल जाकर घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस अवसर पर सदर विधायक पल्टूराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह समेत पार्टी के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
