या हुसैन की गूंजी सदाएं
बलरामपुर : दसवीं मुहर्रम का जुलूस जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कड़ी सुरक्षा के बीच निकाला गया। दोपहर में शिया समुदाय के लोगों ने अलम व ताबूत के साथ जुलूस निकालकर मातमपुर्सी की।
सीनाजनी व जंजीरी मातम कर अपने गुनाहों की माफी मांगी। शाम को जिले भर में ताजिया जुलूस निकाला गया। जिसे परंपरागत मार्गों से कर्बला व तय स्थानों पर ले जाकर सिपुर्द-ए-खाक किया गया। नगर के चौक मुहल्ले से दोपहर में शिया समुदाय के लोगों ने मातमी जुलूस निकाला। जुलूस में शामिल लोगों ने या हुसैन की सदाओं के बीच छुरियों से खुद को लहूलुहान कर अपने गम का इजहार किया।
उतरौला नगर में शिया समुदाय के लोगों ने काले लिबास में सीनाजनी कर मातम मनाया। शाम को नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में ढोल ताशों के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। वीर विनय चौराहा पर आकर्षक ताजिया सजाने वालों को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने सम्मानित किया।
ताजियों को झारखंडी मंदिर के बगल कर्बला में दफन किया गया। उतरौला क्षेत्र में अकीदतमंदों ने अलम, ताबूत, ताजिया जुलूस निकालकर कर्बला के जंग में शहीद लोगों को खिराजे अकीदत पेश की। नवयुवकों व किशोरों ने जंजीरी छुरियों से मातम कर या हुसैन की सदाएं बुलंद की।
लहूलुहान लोगों को चिकित्सीय सहायता देने के लिए सीएचसी व इमामिया ट्रस्ट की एंबुलेंस जुलूस के साथ चल रही थी। पचपेड़वा में बरगदही गांव के पास कर्बला पर ताजियों को दफन किया गया। महदेइया बाजार क्षेत्र के लगभग सभी गांवों में ताजिया रखी गई। रात में सिन्नी कराई गई।
बनगवा, अगया बुजुर्ग, जैतिहवा, बेलईबुजुर्ग व महुआढार, मुजेहनी आदि स्थानों पर रखी ताजिया को मंगलवार को गमगीन माहौल में सिपुर्द ए खाक किया गया। इमरान खान ने बताया कि मुहर्रम या ताजिया विसर्जन की शुरुआत तैमूर लंग बादशाह ने की थी, जिसका ताल्लुक शिया संप्रदाय से था।
तबसे भारत के शिया सुन्नी इमाम हुसैन की कब्र की प्रति आकृति, जो इराक के कर्बला नामक स्थान पर है, उसे रखते हैं। इसी तरह गैंसड़ी, तुलसीपुर, श्रीदत्तगंज, हरैया सतघरवा, महराजगंज तराई, रेहराबाजार, मथुरा बाजार, तुलसीपुर व सादुल्लाहनगर क्षेत्र में भी कड़ी सुरक्षा के बीच मुहर्रम सकुशल संपन्न हुआ। मुस्तैद रहा प्रशासन : मुहर्रम जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जिलाधिकारी डा. महेंद्र कुमार व पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना के निर्देशन में सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी व प्रभारी निरीक्षक अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहे।
