बिजली न आने पर लोगों का प्रदर्शन
बलरामपुर ।
बाढ़ के बाद जिला मुख्यालय पर पिछले कई दिनों से बिजली सप्लाई बाधित होने से नगर वासियों के सब्र का बांध टूट गया। कई मोहल्लों के लोगों ने नगर के वीर विनय चौराहे पर प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जल्द सप्लाई बहाल करने की मांग की।
जिले में भीषण बाढ़ का प्रकोप अब शहरी इलाकों में कम होता नजर आ रहा है। बावजूद इसके बिजली सप्लाई 5 दिन बाद भी बहाल नहीं की गई है। लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। सिविल लाइन इलाके में पावर हाउस में बाढ़ का पानी जमा होने के कारण सप्लाई को एहतियातन बन्द कर दिया गया था, लेकिन अब बाढ़ का पानी शहरी इलाकों में कम हो रहा है। कई मोहल्लों में बाढ़ का पानी पूरी तरीके से हट चुका है।
लेकिन फिर भी बिजली सप्लाई बहाल नहीं की गई। जिस कारण करवाचौथ पर महिलाओं को नहाने तक के लिए बमुश्किल पानी नसीब हुआ। इससे नाराज लोगों ने वीर विनय चौराहे पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस प्रशासन के मान मनोव्वल के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। लोगों ने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि गुरुवार शाम तक अगर सप्लाई बहाल नहीं हुई तो पुनः प्रदर्शन होगा। प्रशासन का दावा है कि अगले 24 घंटों के भीतर विद्युत सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज सिंह ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहा है।
