Uncategorized

संघर्ष, संकल्प और सफलता की मिसाल बनीं सिमरन शर्मा, पंचायती राज निदेशालय में हुआ भव्य सम्मान

एशियन पैरा गेम्स-2026 की दोहरी स्वर्ण पदक विजेता सिमरन बोलीं- सफर आसान नहीं था, लेकिन हौसलों ने हर बाधा को पार कराया

लखनऊ,

अदम्य साहस, अटूट संकल्प और असाधारण संघर्ष के बल पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का तिरंगा शान से लहराने वाली उत्तर प्रदेश की बेटी एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पैरा एथलीट सुश्री सिमरन शर्मा का शुक्रवार को पंचायती राज निदेशालय, लखनऊ में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 5वें एशियन पैरा गेम्स-2026 में 100 मीटर एवं 200 मीटर (टी-12 वर्ग) स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली सुश्री सिमरन शर्मा वर्तमान में पंचायती राज विभाग में जिला पंचायत राज अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। खेल और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली सिमरन के सम्मान में आयोजित समारोह भावनाओं, प्रेरणा और गौरव के अविस्मरणीय क्षणों का साक्षी बना।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर ने सुश्री सिमरन शर्मा को सम्मानित करते हुए कहा कि आज का यह अवसर केवल पंचायती राज विभाग ही नहीं, बल्कि संपूर्ण उत्तर प्रदेश और देश के लिए गौरव एवं प्रेरणा का प्रतीक है। सिमरन ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और अथक परिश्रम से यह साबित किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। वह विशेष रूप से बेटियों और दिव्यांग खिलाड़ियों सहित लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सिमरन ने खेल के मैदान में देश का गौरव बढ़ाने के साथ ही प्रशासनिक सेवा में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित की है।

पंचायती राज मंत्री श्री राजभर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। खेल कोटे के अंतर्गत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर नियुक्तियां प्रदान करना इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने सिमरन के पति एवं कोच श्री गजेंद्र सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सिमरन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप प्रदेश सरकार खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने पंचायती राज विभाग की डिजिटल लाइब्रेरी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों के बच्चों के लिए शिक्षा, ज्ञान और उन्नति का नया मार्ग बनकर उभर रही है।

मंत्री जी ने पंचायती राज विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही वाहन एवं विभिन्न भत्तों से संबंधित समस्याओं का समाधान मुख्यमंत्री जी के मार्गदर्शन और राज्य वित्त विभाग के सहयोग से कराया गया है। विभागीय प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए 18 नए जिला पंचायत राज अधिकारी एवं अपर जिला पंचायत राज अधिकारी पदों के सृजन की कार्यवाही सुनिश्चित की गई है। 4,000 से अधिक ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इसके साथ ही 1,400 नई नियुक्तियों तथा उप निदेशक के तीन पदों पर भर्ती की पहल से विभागीय कार्यक्षमता और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य ग्राम पंचायतों को ग्रामीण विकास का वास्तविक केंद्र बनाना है। स्वच्छता, पेयजल, पंचायत भवनों का सुदृढ़ीकरण, डिजिटल प्रशासन, जनभागीदारी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार विभाग की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी कार्मिकों के योगदान की सराहना करते हुए प्रदेश की पंचायतों को सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के निदेशक श्री धीरेंद्र सिंह सचान ने सुश्री सिमरन शर्मा की उपलब्धियों को असाधारण बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने संघर्ष, अनुशासन और समर्पण से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत एवं उत्तर प्रदेश का मान बढ़ाया है। वर्ष 2026 के एशियन पैरा गेम्स में भारतीय दल की ध्वजवाहक बनने के साथ ही 100 मीटर एवं 200 मीटर टी-12 स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतना उनकी असाधारण खेल प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने एक ही एशियन पैरा गेम्स में ट्रैक स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला पैरा एथलीट बनने का गौरव भी हासिल किया है। दोनों स्पर्धाओं में नए गेम्स रिकॉर्ड स्थापित करना उनकी उपलब्धि को और भी विशिष्ट बनाता है। 200 मीटर टी-12 वर्ग में एशियाई रिकॉर्ड तथा 100 मीटर टी-12 वर्ग में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है।

निदेशक श्री सचान ने कहा कि सुश्री सिमरन शर्मा की उपलब्धियां केवल खेल जगत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी सफलता देश की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का नया अध्याय है। उन्हें अर्जुन पुरस्कार-2024, देवी पुरस्कार-2025, बेस्ट पैरा एथलीट अवॉर्ड (फिक्की) एवं रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज विभाग स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है कि उसकी एक अधिकारी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

निदेशक ने विभाग की प्रमुख विकासात्मक पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 11,350 ग्राम पंचायतों में डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की जा रही है। इसके अतिरिक्त 5,000 ग्राम पंचायतों के ग्राम सचिवालयों में आधार सेवा केंद्रों की स्थापना, सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 210 नवीन पंचायत उत्सव भवनों के निर्माण तथा 11,664 सचिवों को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने की पहल की गई है। साथ ही, प्रत्येक जनपद की सर्वाधिक ओएसआर अर्जित करने वाली 20 ग्राम पंचायतों को अक्षय ऊर्जा से जोड़कर प्रोत्साहित करने का कार्य भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायतें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं।

पति एवं कोच गजेंद्र सिंह का समर्पण बना सिमरन की सफलता की मजबूत नींव

कार्यक्रम में सुश्री सिमरन शर्मा के पति एवं कोच श्री गजेंद्र सिंह (नायक, भारतीय सेना) ने उनके संघर्षपूर्ण सफर के भावुक पहलुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि इंसान के जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य होना बेहद जरूरी है। वर्ष 2017 में सिमरन से विवाह के बाद उन्होंने हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाने और उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रखने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जीवन में नकारात्मक सोच से दूर रहकर सकारात्मकता और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उनका सपना था कि एक दिन सिमरन की जर्सी पर ‘इंडिया’ लिखा हो और वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करें।

गजेंद्र सिंह ने सिमरन के संघर्ष के एक बेहद भावुक प्रसंग को साझा करते हुए बताया कि एक समय ऐसा भी आया जब लगातार चुनौतियों के कारण सिमरन ने दौड़ से हार मान ली थी। उस समय उन्होंने अपनी मां से खून से पत्र लिखकर माफी मांगी थी। लेकिन उन्होंने सिमरन को हार मानने नहीं दी और लगातार उनका हौसला बढ़ाते रहे। उन्होंने कहा कि जीवनसाथी के रूप में उनका प्रयास हमेशा यही रहा कि सिमरन अपने सपनों को पूरा करें। आज उनकी सफलता पूरे देश और विभाग के लिए गौरव का विषय है।

इस अवसर पर श्री गजेंद्र सिंह ने पंचायती राज विभाग द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत और सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं निदेशक सर का फैन हो गया हूं। उन्होंने जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ सिमरन का स्वागत एवं सम्मान किया है, उससे मैं बेहद अभिभूत हूं। इस सम्मान के लिए निदेशक सर का हृदय से धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने इस आयोजन और सम्मान के लिए पंचायती राज विभाग का भी आभार व्यक्त किया।

सम्मान पाकर भावुक हुईं सिमरन, बोलीं- उत्तर प्रदेश खेलों में हरियाणा से भी आगे निकलेगा

अपने सम्मान से अभिभूत सुश्री सिमरन शर्मा मंच पर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि आज पंचायती राज विभाग द्वारा जिस आत्मीयता और सम्मान के साथ उनका स्वागत किया गया है, वह उनके लिए बेहद भावुक और अविस्मरणीय क्षण है। यहां तक पहुंचने का सफर बिल्कुल आसान नहीं था। इसके पीछे वर्षों का संघर्ष, कठिन परिश्रम, अनुशासन और अनेक चुनौतियां रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराने से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है।

सिमरन ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और हरियाणा से भी आगे निकलकर देश के लिए बड़ी संख्या में पदक लेकर आएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाएंगे। उन्होंने अपने पति एवं कोच श्री गजेंद्र सिंह के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, विश्वास और हौसले ने उन्हें हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने की ताकत दी। सिमरन ने यह भी संकल्प व्यक्त किया कि वह अपने प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी तथा खेल और प्रशासन दोनों क्षेत्रों में प्रदेश का गौरव बढ़ाती रहेंगी।

कार्यक्रम में भारतीय खेल प्राधिकरण की सेवानिवृत्त कार्यकारी निदेशक एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती रचना गोविंद, विशेष सचिव श्री राजेश कुमार त्यागी, सुश्री सिमरन शर्मा के कोच एवं पति तथा भारतीय सेना में नायक के पद पर कार्यरत श्री गजेंद्र सिंह, उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं खिलाड़ी, श्रीमती शकुंतला देवी पुनर्वास विश्वविद्यालय से आए विद्यार्थी, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया गया तथा संविधान के प्रति निष्ठा, संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के पालन का संकल्प लिया गया।

अंत में सुश्री सिमरन शर्मा ने पंचायती राज मंत्री श्री ओम प्रकाश राजभर, निदेशक पंचायती राज श्री धीरेंद्र सिंह सचान, प्रमुख सचिव सहित समारोह में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों और आयोजन से जुड़े सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा दिया गया यह सम्मान उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button