मौसम हुआ खुशनुमा, आंधी-बारिश के और हैं आसार
कानपुर।
मार्च और अप्रैल में तपती गर्मी के बाद मई में बीते कुछ दिनों से राहत भरे बादल मंडरा रहे हैं। बुधवार शाम को मौसम ने करवट बदली और आसमान बादलों की चादर से ढंकने के साथ ठंडी हवा चलने लगीं। बारिश की पहली फुहार के बाद मिट्टी की सोंधी खुशबू से शाम खुशनुमा हो गई। बारिश ज्यादा तेज नहीं हुई लेकिन ठंडी हवाओं ने फिजा को बदल दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार की सुबह भी नम हवाओं से मौसम खुशनुमा रहा, सूरज की किरणें धरती पर पड़ीं लेकिन ज्यादा तपिश का अहसास नहीं रहा।
मौसम विज्ञानियों ने कानपुर समेत उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में आंधी, तूफान, बादल व बारिश की संभावना जताई है। सीएसए के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में उत्तरी पूर्वी दिशा से औसतन 7.8 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चली। इससे उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में गर्मी और लू से राहत मिली है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश में औसतन 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की तेजी से आंधी आ सकती है। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी के साथ बूंदाबांदी की भी संभावना है। देर रात शहर में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। वहीं आसमान में बिजली भी चमकती दिखी।
