बच्चों को लगाया गया कोरोना टीका
बलरामपुर।
कोरोना से बचाव के लिए 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाने का अभियान धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ने लगा है। इस आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाने के लिए गुरुवार को पीएचसी जोकहिया व अरबन पीएचसी सहित 30 स्थानों पर टीकाकरण सत्र का आयोजन किया गया। इन स्थानों पर 2863 बच्चों को कोर्बेवैक्स की पहली डोज दी गई। जिले में अब तक इस आयु वर्ग के 15419 बच्चों को टीका लगाया जा चुका है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि होली व पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान के चलते 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाने का अभियान शुरुआती दिनों में काफी धीमी गति से चल रहा था। पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान की समाप्ति के बाद टीकाकरण की गति में तेजी आई है। जिले में इस आयु वर्ग के कुल 91017 बच्चों को कोर्बेवैक्स की डोज दी जानी है। लक्ष्य को जल्द से जल्द हासिल करने के लिए टीकाकरण सत्र की संख्या में लगातार बढ़ोतरी की जा रही है।
गुरुवार को जिले में इस आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाने के लिए 30 स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। इन स्थानों पर कुल 2863 बच्चों को कोर्बेवैक्स का टीका लगाया गया। जिला कोल्ड चेन प्रबंधक श्यामजी मिश्र ने बताया कि जिले में अब तक 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 1673320 लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज तथा 1354658 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। इसी तरह 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के 162910 किशोरों को कोवैक्सीन की पहली डोज तथा 106051 किशोरों को दूसरी डोज दी गई है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि जिला मेमोरियल चिकित्सालय में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए टीकाकरण सत्र बंद कर दिया गया है। अस्पताल में पर्याप्त बच्चों के न आ पाने के कारण वैक्सीन की 60 फीसदी डोज खराब हो रही थी। इस नुकसान को रोकने के लिए यहां टीकाकरण सत्र बंद कर दिया गया है। अब यहां 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को ही टीका लगाया जाएगा।
12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना टीका लगाने के लिए अब पीएचसी जोकहिया में प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अरबन पीएचसी की छह टीमें नगर के अलग-अलग वार्डों में जाकर इस आयु वर्ग के बच्चों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज देंगी।
