रोडवेज बस और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, दोनों वाहन चालक घायल
मीरानपुर कटरा शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे एक सड़क हादसा हो गया। चौधरी ढाबे के सामने दिल्ली से सीतापुर जा रही रोडवेज बस और ट्रैक्टर में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन चालकों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस के चालक विजय कुमार (पुत्र बृजमोहन), निवासी ग्राम पडेरिया थाना पिसारां, जनपद सीतापुर, बस को दिल्ली से सीतापुर लेकर जा रहे थे। बस में उस समय केवल दो यात्री सवार थे। परिचालक जय दिव्या कुमार ने बताया कि बस में भीड़ न होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
वहीं ट्रैक्टर चालक अंकित गंगवार (पुत्र सुमेरचंद्र), निवासी मोहल्ला तहवरगंज कटरा, सुबह ट्रैक्टर में थ्रेसर जोड़कर सरसों की फसल कटाई के लिए खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बस को बचाने के प्रयास में दोनों वाहनों की तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रैक्टर दो हिस्सों में टूट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटरा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





