कोरोना कर्फ्यू में छूट: यूपी में अब रात 11 बजे तक खुल सकेंगी दुकानें व बाजार, सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगी बंदी।
यूपी में कोरोना की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए रात्रिकालीन कर्फ्यू में एक घंटे की छूट दी गई है। अब रात 11 बजे तक दुकानें व बाजार खुल सकेंगे।
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश में कोरोना की नियंत्रित स्थिति को देखते हुए बाजारों व दुकानों के रात 11 बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है। वहीं, रात्रिकालीन कर्फ्यू रात्रि 11 बजे से प्रातः 06 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कहा गया है कि कई राज्यों में कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। ऐसे में सावधानी बरतना जरूरी है। लोग अनावश्यक सड़कों पर न घूमें। कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है। मुख्यमंत्री योगी टीम-9 के साथ मंगलवार को प्रदेश में कोविड की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कोविड से बचाव के लिए प्रदेश में टीकाकरण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीकाकरण के लिए अर्ह लोगों में से 45 फीसदी प्रदेशवासियों ने टीके की पहली खुराक प्राप्त कर ली है। विगत दिवस प्रदेश ने दो नए रिकॉर्ड बनाये।
विगत 24 घंटे में 33 लाख 42 हजार 360 लोगों ने टीकाकवर प्राप्त किया। यह किसी भी राज्य में एक दिन में हुआ सर्वाधिक कोविड टीकाकरण है। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड वैक्सीनेशन 8 करोड़ 8 लाख से अधिक हो गया है। यह किसी एक राज्य में हुआ सर्वाधिक टीकाकरण है। इस प्रक्रिया को और तेज किए जाने की आवश्यकता है। टीके की उपलब्धता के लिए भारत सरकार से सतत संपर्क बनाए रखा जाए।
जनजीवन तेजी से हो रहा सामान्य:
प्रदेश में विगत 24 घंटे में हुई 01 लाख 82 हजार 624 सैम्पल की टेस्टिंग में 59 जिलों में संक्रमण का एक भी नया केस नहीं पाया गया, जबकि 16 जनपदों में इकाई अंक में मरीज पाए गए। वर्तमान में प्रदेश में एक्टिव कोविड केस की संख्या 227 रह गई है। यह सतर्कता और सावधानी बरतने का समय है। थोड़ी सी लापरवाही संक्रमण को बढ़ाने का कारक बन सकती है।
प्रदेश में अब तक सात करोड़ से ज्यादा सैंपल की जांच
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिरोजाबाद, मथुरा, आगरा के साथ-साथ सभी जिलों में डेगूं व अन्य वायरल बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। सर्विलांस को और बेहतर किए जाने की जरूरत है। मेडिसिन किट वितरण प्रारम्भ कर दिया जाए। शिकोहाबाद में 100 बेड का अस्पताल तैयार हो गया है। यह आसपास के लोगों के लिए उपयोगी होगा।
अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाइयां, जांच उपकरण आदि की व्यवस्था की गई है। आवश्यकतानुसार इसमें और बढ़ोतरी की जाए। संक्रमण प्रसार को न्यूनतम रखने के दृष्टिगत अस्पतालों के ओपीडी व आईपीडी में अनावश्यक लोगों को प्रवेश न दें। मरीज के परिजनों को समय-समय पर सेहत की अपडेट दी जाए। सीएम हेल्पलाइन द्वारा भी मरीजों/परिजनों से संपर्क किया जाए।
सभी जिलों में बनेगा एक-एक मेडिकल कॉलेज:
टोक्यो पैरालम्पिक में उत्तर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं ने शानदार प्रदर्शन कर देश को गौरवभूषित किया है। यह उपलब्धि विशिष्ट है। उत्तर प्रदेश के पदक विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों का सार्वजनिक अभिनन्दन किया जाना चाहिए। इस कार्यक्रम में सभी 75 जनपदों से दिव्यांग खेल प्रतिभाओं को आमंत्रित किया जाए। यह उनके लिए प्रेरणादायी सिद्ध होगा। इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए।
प्रदेश में की जा रही ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना:
प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत जी की जयंती 10 सितंबर को मनाई जाएगी। सभी जनपदों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। इस संबंध में आवश्यक तैयारी पूरी कर ली जाए।