छत ढहने से बालक की मौत
बलरामपुर।
गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के कोइलखार गांव के मजरा सहियापुर में रविवार को एक व्यक्ति के मकान की छत अचानक भर भराकर ढह गई। घटना में परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई, और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को पंचनामा कराकर परिजन के सुपुर्द कर दिया है।
गौरा चौराहा थाना क्षेत्र के सहियापुर निवासी राधेश्याम यादव मुंबई में रोजगार के सिलसिले में रहते हैं। रविवार को उनके सात वर्षीय बेटे सिद्घू व नौ वर्षीय शरद बरामदे में भोजन कर रहे थे। भोजन करते हुए सिद्धू कमरे में चला गया। इसी बीच कमरे की छत अचानक भर भराकर ढह गई। सिद्घू मलबे के नीचे दब गया। छत से गिरी ईंट शरद के सिर में लग गई। वह भी बेहोश हो गया। राधेश्याम की पत्नी सरिता ने मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर सिद्धू को बाहर निकाला। तब तक सिद्धू की मौत हो चुकी थी। घायल शरद को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
